
प्रियप्रकाश तिवारी
शाहनगर। ब्लॉक इकाई शाहनगर के सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाओं ने आज 11 अप्रैल को तहसीलदार कोमल सिंह को मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव मध्यप्रदेश शासन के नाम ज्ञापन सौंपते हुए राज्य शासन द्वारा घोषित टेट परीक्षा आयोजन का विरोध दर्ज कराया। यह कार्यक्रम अध्यापक-शिक्षक संयुक्त मोर्चा ब्लॉक इकाई शाहनगर के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय राम जानकी मंदिर शाहनगर में शिक्षकों के एकत्रीकरण से हुई। इसके पश्चात शिक्षक-शिक्षिकाएं नगर के विभिन्न मार्गों से रैली के रूप में निकले और टेट परीक्षा के विरोध में गगनचुंबी नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। शिक्षकों के हाथों में विभिन्न मांगों एवं नारों से युक्त तख्तियां भी देखी गईं।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से राज्य सरकार से नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता प्रदान करने की मांग उठाई गई। शिक्षकों ने कहा कि शासन के वर्तमान निर्णय से शिक्षकों में भविष्य को लेकर असुरक्षा की भावना उत्पन्न हो रही है। साथ ही राज्य सरकार से सुप्रीम कोर्ट में रिव्यू पिटीशन दायर करने की मांग भी की गई।
इस अवसर पर शाहनगर, बोरी, बुधरौड़, बिसानी, सारंगपुर, मेनहा एवं सुडोर सहित आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी शिक्षकों ने आगामी 18 अप्रैल को राजधानी भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शामिल होने की शपथ ली। शिक्षकों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।






