
ब्यूरो रिपोर्ट
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में सत्र 2026-27 के लिए रिक्त सीटों पर अस्थायी प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि विद्यालय पूर्णतः आवासीय है तथा जनजातीय वर्ग के विद्यार्थियों के लिए 100 प्रतिशत आरक्षित है। परीक्षा एवं मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 4 मई 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन पत्र विद्यालय से कार्यालयीन समय सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय में कक्षा 7वीं में 4 सीटें है, जिसमें 1 बालक, 1 बालिका, 2 दिव्यांग शामिल है। कक्षा 8वीं में 1 सीट बालिका तथा कक्षा 11वीं में 30 सीटें 15 बालक और 15 बालिका उपलब्ध हैं।
विद्यालय की प्रमुख सुविधाएं
यह विद्यालय भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के अंतर्गत संचालित होता है, जिसका संचालन राष्ट्रीय आदिवासी छात्र शिक्षा समिति नई दिल्ली एवं म.प्र. स्पेशल एंड रेजीडेंशियल एकेडमिक सोसायटी भोपाल द्वारा किया जाता है। उन्होंने बताया कि विद्यालय सीबीएसई से संबद्ध है और कक्षा 6वीं से 12वीं तक हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा प्रदान की जाती है। विद्यार्थियों को गणवेश, जूते, ट्रैक सूट, टी-शर्ट, लोअर, भोजन, पाठ्य पुस्तकें एवं लेखन सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। इसके साथ ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त कंप्यूटर लैब, एआई लैब, रिटेल लैब एवं विज्ञान प्रयोगशालाएं उपलब्ध हैं। विद्यार्थियों के शारीरिक एवं बौद्धिक विकास के लिए खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों का भी आयोजन किया जाता है।