
ब्यूरो रिपोर्ट
आकाशवाणी के 90 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित “आकाशवाणी @ 90” युवा आउटरीच इनिशिएटिव के अंतर्गत 22 अप्रैल 2026 को शासकीय एकलव्य महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आई.टी.आई.), बैतूल में आकाशवाणी बैतूल के तत्वाधान में तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से आकाशवाणी के कार्यक्रम प्रमुख श्री सचिन भागवत, वरिष्ठ उद्घोषक श्री योगेश्वर देशपांडे, कार्यक्रम अधिकारी श्री प्रवीण चौरे तथा संस्था के प्राचार्य श्री अजीश पंद्रे उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में कुल 21 प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न समसामयिक एवं सामाजिक विषयों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों के आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति कौशल एवं विषय की गहराई ने उपस्थित सभी को प्रभावित किया। कार्यक्रम का वातावरण अत्यंत उत्साहपूर्ण, ऊर्जावान एवं प्रेरणादायक रहा।
इस अवसर पर कार्यक्रम प्रमुख श्री सचिन भागवत ने कहा कि आकाशवाणी पिछले 90 वर्षों से देश के जन-जन तक सूचना, शिक्षा एवं मनोरंजन का विश्वसनीय माध्यम रहा है। “मन की बात” जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री का संदेश सीधे आमजन तक पहुंचता है, जो जनसंवाद को सशक्त बनाता है।

वरिष्ठ उद्घोषक श्री योगेश्वर देशपांडे ने अपने विचार रखते हुए कहा कि आकाशवाणी समाज के हर वर्ग के लिए समर्पित एवं उपयोगी कार्यक्रम प्रस्तुत करता है। “सखी सहेली” जैसे कार्यक्रम महिलाओं को जागरूक एवं सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, वहीं “युववाणी” जैसे मंच युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
युववाणी कार्यक्रम अधिकारी श्री प्रवीण चौरे ने कहा कि इस तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना है, जिससे वे अपने विचार निर्भीकता के साथ व्यक्त कर सकें। आकाशवाणी निरंतर ऐसे आयोजनों के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है।
शास एकलव्य महिला आई टी आई के प्राचार्य श्री अजीश पंद्रे ने अपने उद्बोधन में कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। प्रतियोगिता में स्टेनो हिंदी ट्रेड की कु. त्रिशिया सेन ने प्रथम स्थान, इलेक्ट्रिशियन ट्रेड के भूपेंद्र गोरले ने द्वितीय स्थान तथा स्विंग टेक्नोलॉजी की श्रीमती सेवंती चौरसे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली त्रिशिया सेन को विशेष रूप से आकाशवाणी युववाणी कार्यक्रम में एक दिन के लिए प्रस्तुति देकर आर.जे. बनने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
अंत में वरिष्ठ प्रशिक्षण अधिकारी श्री रेवाशंकर पंडाग्रे ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से एकलव्य योजना अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त कर रही ग्रामीण अंचलों की छात्राओं को अपने भविष्य को संवारने, व्यक्तित्व विकास करने तथा आगे बढ़ने के लिए उचित मार्गदर्शन प्राप्त होता है।
कार्यक्रम का सफल आयोजन आकाशवाणी बैतूल एवं संस्थान के संयुक्त प्रयासों से सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर आई टी आई की की वरिष्ठ प्रशिक्षक अधिकारी श्रीमती पुष्पा नागले, श्री राम नारायण गंगारे, श्रीमती शारदा साहू, कुमारी प्रतिभा गौरे एवं अन्य प्रशिक्षकगण 350 से अधिक महिला प्रशिक्षणार्थियों सहित आकाशवाणी से वरिष्ठ तकनीशियन अशोक सोनारे,अनिल भूमरकर युववाणी कार्यक्रम प्रस्तोता साहिल खान और कार्तिक कापसे और प्रसारण सहायक ऋषि झरवड़े की उपस्थिति रही।





