
ब्यूरो रिपोर्ट
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत 30 अप्रैल को सतपुड़ा ग्राउंड,घोड़ाडोंगरी में 200 जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रहेगी।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत घोड़ाडोंगरी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस सामूहिक विवाह समारोह का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की कन्याओं के विवाह को सरल, सम्मानजनक एवं सामाजिक समरसता के साथ संपन्न कराना है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि वर-वधू एवं उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने समस्त नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों से आग्रह किया है कि वे इस पुनीत अवसर पर उपस्थित होकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान करें।