
ब्यूरो रिपोर्ट
कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने शुक्रवार को सांदीपनी विद्यालय भैंसदेही का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सहायक कलेक्टर श्री पुष्पराज खोटे एवं सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री विवेक पांडे उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय की टॉपर विद्यार्थियों द्वारा कलेक्टर का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत किया गया। कलेक्टर ने कंप्यूटर लैब का निरीक्षण कर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे अत्याधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त बताया। वहीं पुस्तकालय के निरीक्षण के पश्चात उन्होंने सुझाव दिया कि पुस्तकों पर ब्लॉकवार नाम अंकित किए जाएं, जिससे व्यवस्था और बेहतर हो सके।
उन्होंने कक्षाओं की साफ-सफाई एवं सुसज्जित व्यवस्था की सराहना की तथा प्रयोगशाला में उपलब्ध संसाधनों पर संतोष व्यक्त किया। स्वामी विवेकानंद हॉल की भव्यता की भी उन्होंने प्रशंसा की। नवीन भवन का निरीक्षण करने के बाद कलेक्टर ने टॉपर विद्यार्थियों, स्टाफ एवं पालकों से संवाद करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को कक्षा 12वीं के अंकों के साथ-साथ वर्तमान प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं जैसे नीट, क्लैट, यूपीएससी एवं सीए की तैयारी पर भी ध्यान देना चाहिए। इसके लिए ऑनलाइन कोर्स या विद्यालय स्तर पर साप्ताहिक कक्षाएं संचालित की जाएं। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कक्षा 11वीं में विषय चयन से पूर्व विषय विशेषज्ञों द्वारा करियर काउंसलिंग अनिवार्य रूप से कराई जाए, जिससे विद्यार्थियों का भविष्य बेहतर बन सके।
इस अवसर पर कक्षा 9वीं की छात्रा कुमारी रागिनी नरवरे (88.33%), कक्षा 10वीं की मेघा उकंडे (95%), कक्षा 11वीं की छात्रा प्रेरणा पटैय्या (90%) एवं कक्षा 12वीं की छात्रा कुमारी डिंपल खण्डाईत (91.6%) को सम्मानित किया गया। अंत में कलेक्टर ने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।





