
धनराज साहू तहसील ब्यूरों
भैंसदेही:- तहसील क्षेत्र भैंसदेही के ग्राम रिंगढाना में हुए भीषण अग्निकांड ने 19 परिवारों को बेघर कर दिया। आग की चपेट में आने से प्रभावित परिवारों के मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए, जिससे लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ। घटना के बाद गांव में शोक और चिंता का माहौल है।
अग्निकांड की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक श्री महेन्द्र सिंह चौहान एवं अन्य जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंच कर और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। विधायक महेन्द्रसिंह चौहान ने तात्कालिक रूप से पीड़ित परिवारों को अपने स्वेच्छानुदान से दस दस हजार रुपयें की राशि भेंट की तथा हर संभव मदद के लिए आश्वासन देते हुए एसडीएम अजीत मरावी को आवश्यक व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए।

जिला विकास सलाहकार समिति के जिला सदस्य एवं अधिवक्ता संजय तिवारी ने भी घटना स्थल पर पंहुंचकर मौके का जायजा लिया तथा पीड़ित परिवारों से मुलाकात की । श्री तिवारी ने उपस्थित एसडीएम अजीत मरावी से चर्चा कर प्रभावित परिवारों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही उन्होंने किसानों को खाद एवं बीज निःशुल्क उपलब्ध कराने की भी मांग की । संजय तिवारी ने एसडीएम से कहा कि जब तक प्रभावित परिवारों के नए मकान नहीं बन जाते, तब तक उनके रहने के लिए टीन शेड़ के अस्थायी आवास उपलब्ध कराए जाएं।
एसडीएम अजीत मरावी ने प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया तथा राहत एवं पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही।

इस दौरान जिला विकास सलाहकार समिति के जिला सदस्य अधिवक्ता संजय तिवारी, एल्डरमैन विनोद सोनी, पेंशनर्स एसोसिएशन अध्यक्ष बाबूलाल राठौर, रामा पानकर भाजपा सह कोषाध्यक्षप्रदीप धुले, अशोक गलफट, ब्राह्मण समाज अध्यक्ष अंकित राजूरकर, पप्पू सिसोदिया, अमन सिसोदिया सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र राहत राशि एवं पुनर्वास सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है ताकि प्रभावित परिवार जल्द सामान्य जीवन की ओर लौट सकें।