
पूरी खबर पढ़ने आज ही मेम्बरशिप लें और पढ़े सभी प्रीमियम खबरे लाईव वेब टीवी सहित
ब्यूरो रिपोर्ट
मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड ने ऊर्जा परियोजनाओं के बेहतर नियोजन और समयबद्ध क्रियान्वयन की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए अपने अभियंताओं के लिए विश्वस्तरीय ऑरेकल प्राइमावेरा (Oracle Primavera P6) सॉफ्टवेयर पर दो सप्ताह का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। प्रशिक्षण का उद्देश्य आधुनिक परियोजना प्रबंधन तकनीकों से अभियंताओं को दक्ष बनाकर कंपनी की कार्यकुशलता और परियोजना निष्पादन क्षमता को और मजबूत करना रहा।

कंपनी के मानव संसाधन एवं प्रशासन विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में सिविल इंजीनियरिंग एवं परियोजना उत्पादन विभागों के 20 चयनित अभियंताओं ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को बड़े एवं जटिल विद्युत परियोजनाओं की योजना तैयार करने, संसाधनों के प्रभावी उपयोग, लागत नियंत्रण, समय प्रबंधन तथा परियोजनाओं की सतत निगरानी जैसी आधुनिक कार्यप्रणालियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

ऑरेकल प्राइमावेरा पी-6 विश्वभर में निर्माण, ऊर्जा, विनिर्माण तथा अवसंरचना परियोजनाओं के प्रबंधन के लिए सबसे भरोसेमंद सॉफ्टवेयरों में माना जाता है। यह परियोजनाओं की प्राथमिकता तय करने, जोखिम प्रबंधन, संसाधनों के अनुकूल उपयोग, डैशबोर्ड आधारित निगरानी तथा रियल-टाइम प्रगति विश्लेषण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराता है, जिससे परियोजनाओं का प्रभावी और समयबद्ध संचालन संभव हो पाता है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों को प्रोजेक्ट शेड्यूलिंग, प्रोजेक्ट कॉस्टिंग, रिसोर्स प्लानिंग, क्रिटिकल पाथ एनालिसिस, प्रोजेक्ट प्रोग्रेस ट्रैकिंग सहित सॉफ्टवेयर की विभिन्न उन्नत विशेषताओं से परिचित कराया। प्रशिक्षण के दौरान वास्तविक परियोजनाओं से जुड़े उदाहरणों के माध्यम से सॉफ्टवेयर के उपयोग की बारीकियां भी समझाई गईं।

समापन कार्यक्रम में कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन एवं प्रशासन) श्री दीपक कश्यप ने कहा कि मध्यप्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी की प्राथमिकता केवल बिजली उत्पादन बढ़ाना ही नहीं, बल्कि अपने मानव संसाधन को भी नवीनतम तकनीकों से सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि कंपनी समय-समय पर ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर रही है, ताकि अभियंता बदलती तकनीकों के अनुरूप अपनी दक्षता बढ़ा सकें और भविष्य की परियोजनाओं का नेतृत्व अधिक प्रभावी ढंग से कर सकें।

साथ ही, अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्री संजय कुमार जैन ने भी सभी प्रशिक्षित अभियंताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एक कंपनी सदैव ही अपने कार्मिकों को बेहतर से बेहतर प्रशिक्षण की सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए तत्पर है, और आगे भी यह क्रम जारी रहेगा।
अतिरिक्त मुख्य अभियंता (प्रशिक्षण एवं विकास) डॉ. अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों की रूपरेखा केवल वर्तमान आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर नहीं, बल्कि भविष्य की तकनीकी चुनौतियों और आधुनिक परियोजना प्रबंधन की जरूरतों के अनुरूप तैयार की जा रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कंपनी की परियोजनाओं की गुणवत्ता, दक्षता एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को नई गति प्रदान करेंगे।
