
ब्यूरो रिपोर्ट प्रिय प्रकाश तिवारी पन्ना
आदर्श ग्राम पंचायत शाहनगर में गरिमामय ढंग से मनाया स्वतंत्रता दिवस
स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन, वरिष्ठजन, सेवानिवृत्त शासकीय सेवक एवं पत्रकार हुए सम्मानित
शाहनगर देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शाहनगर क्षेत्र में राष्ट्रीय पर्व उत्साह, उल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इसी क्रम में नवाचारों, जनसेवाओं और ग्राम विकास के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना चुकी आदर्श ग्राम पंचायत शाहनगर में स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय ढंग से आयोजित किया गया।

समारोह का शुभारंभ तिरंगा ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं, ग्रामजनों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। इस अवसर पर सरपंच मनोज जैन ने स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों, ग्राम के वरिष्ठ एवं वृद्धजनों, सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों तथा स्थानीय पत्रकारों को पगड़ी, शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। सम्मान समारोह के माध्यम से लोकतंत्र, राष्ट्रसेवा और समाज के प्रति योगदान देने वाले लोगों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरपंच मनोज जैन ने ग्राम पंचायत की विकास यात्रा, जनहितकारी कार्यों और विभिन्न नवाचारों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि पंचायत द्वारा स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण, मातृ एवं शिशु प्रोत्साहन, बर्तन बैंक, विद्यार्थी प्रोत्साहन, कन्या विवाह प्रोत्साहन तथा अंत्येष्टि सहायता जैसी योजनाओं एवं पहलों के माध्यम से ग्रामीणों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
कर वसूली में प्रदेश में बनाई पहचान
उल्लेखनीय है कि हाल ही में शाहनगर ग्राम पंचायत को प्रदेश में सर्वाधिक कर वसूली करने वाली ग्राम पंचायत के रूप में सम्मानित किया गया है। पंचायत को आत्मनिर्भर ग्राम पंचायत के रूप में भी पहचान मिली है। इससे पूर्व ‘महिला एवं बालिका हितैषी’ श्रेणी में शाहनगर ग्राम पंचायत का चयन राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम के लिए किया जा चुका है। वर्तमान कार्यकाल में नियमित विकास कार्यों और नवाचारों के चलते शासन द्वारा शाहनगर को पन्ना जिले की आदर्श ग्राम पंचायत के रूप में भी चिन्हित किया गया है।
समारोह में मंचासीन अतिथियों ने पंचायत की अनुशासित कार्यशैली, जनसेवा और विकासपरक प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी गति से विकास कार्य जारी रखने की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन ग्राम पंचायत सचिव कुलभूषण चतुर्वेदी ने किया तथा अंत में सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।