
ब्यूरो रिपोर्ट पन्ना प्रकाश तिवारी
शाहनगर। पन्ना-कटनी मुख्य मार्ग पर धामू बैरियल के आगे शिकारपुरा से पहले करीब 10 गौवंश मृत अवस्था में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना को लेकर शाहनगर वन परिक्षेत्र के वनपाल आशीष पांडेय ने मौका स्थल से वीडियो साझा करते हुए जानकारी दी।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो आज सोमवार दोपहर करीब 12 बजे का है। वीडियो सामने आने के बाद घटना की गंभीरता और बढ़ गई है। मौके पर शाहनगर थाना पुलिस भी पहुंची और सड़क किनारे पड़े मृत मवेशियों को हटाने की कार्रवाई शुरू कराई गई। आवागमन सुचारु रखने के लिए जेसीबी की मदद से मृत मवेशियों को सड़क से अलग कराया जा रहा है।
प्रारंभिक जानकारी में आशंका जताई जा रही है कि इन गौवंशों को रात के समय यहां लाकर छोड़ा गया हो सकता है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह क्या है और मृत गौवंश यहां कैसे पहुंचे, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
घटना ने गौवंशों की सुरक्षा और संभावित अवैध परिवहन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस और वन विभाग की मौजूदगी में मौके पर कार्रवाई जारी है। अब जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो पाएगी।