
बैतूल। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा की जिला परिचय बैठक जिला भाजपा कार्यालय विजय भवन में संपन्न हुई। बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष सुधाकर पंवार ने कहा कि आज के समय में, जब कुछ अराजक राजनीतिक दल देश का माहौल बिगाड़ने में लगे हैं, तब जनजातीय मोर्चा की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। हमें पार्टी की ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ हर बूथ तक पहुंचना है।

श्री पंवार ने कहा कि ‘दिमागी नक्सलवाद’ के जरिए समाज में जातिवाद के नाम पर विभाजन पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे में राष्ट्रवाद और समता के मंत्र को हर घर तक पहुंचाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जनजातीय समाज के नायक भगवान बिरसा मुंडा को वह सम्मान नहीं दिया, जिसके वे हकदार थे। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस की शुरुआत की।
बैठक को संबोधित करते हुए जनजातीय मोर्चा के जिलाध्यक्ष संतोष टेकाम ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व की मंशा, प्रदेश नेतृत्व के निर्देशों और जिला नेतृत्व के मार्गदर्शन में जनजातीय मोर्चा ने सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने के साथ-साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जनजातीय वर्ग के प्रत्येक जरूरतमंद तक पहुंचाने का कार्य शुरू कर दिया है।
श्री टेकाम ने कहा कि भाजपा के लिए राष्ट्र प्रथम है, जबकि अन्य राजनीतिक दल परिवार प्रथम की भावना से काम करते हैं।
बैठक का संचालन मोर्चा के नवनियुक्त जिला महामंत्री कपिल उइके ने किया। अंत में मोर्चा के जिला महामंत्री परसराम मर्सकोले ने आभार व्यक्त किया।
अनुसूचित जनजाति मोर्चा की इस परिचय बैठक में भाजपा जिला महामंत्री डॉ. महेंद्र सिंह चौहान, मोर्चा के नवनियुक्त जिला पदाधिकारी तथा विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष उपस्थित रहे।





