
सारनी। वेकोलि पाथाखेड़ा क्षेत्र में कोल इंडिया लिमिटेड का 52वाँ स्थापना दिवस क्षेत्रीय महाप्रबंधक श्री जितेंद्र कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न श्रमिक संगठनों के पदाधिकारी, अधिकारी एवं कर्मचारीगण विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर क्षेत्रीय महाप्रबंधक पाथाखेड़ा क्षेत्र श्री जितेंद्र कुमार गुप्ता ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कोल इंडिया द्वारा कोयला उत्पादन में अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों एवं नवाचारों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कोल इंडिया वर्तमान में उत्पादन के क्षेत्र में निरंतर नए आयाम स्थापित कर रही है। उत्पादन क्षमता में वृद्धि के उद्देश्य से भूमिगत खदानों में शीघ्र ही कंटीन्यूअस माइनर मशीनों के माध्यम से उत्पादन प्रारंभ किया जाएगा, जिससे खदानों की उत्पादन क्षमता को और अधिक बढ़ावा मिलेगा।

क्षेत्रीय महाप्रबंधक ने कहा कि पाथाखेड़ा क्षेत्र भी निरंतर अपने आंतरिक उत्पादन लक्ष्यों की प्राप्ति की दिशा में अग्रसर है। क्षेत्र को आवंटित उत्पादन लक्ष्य को सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं श्रमिकों के सामूहिक प्रयास, समर्पण एवं सहयोग से निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुरक्षित रूप से प्राप्त कर लिया जाएगा।

कार्यक्रम में वेकोलि स्तर के पदाधिकारी -वेकोलि कल्याण मंडल सदस्य श्री कामेश्वर राय एवं क्षेत्रीय स्तर के पदाधिकारी श्री महेंद्र सिंह यादव, श्री जे विवेकानन्द, जेसीसी सदस्य श्री निजाद खान, श्री एस.पी. सोनी, श्री जितेंद्र निरापुरे सहित विभिन्न एसोसिएशनों के पदाधिकारीगण श्री कैलाश चौकीकर, श्री सुमरलाल, श्री राकेश चिमूरकर तथा क्षेत्रीय मानव संसाधन प्रबंधक श्री वाय शशिधर व अन्य अधिकारीगण, विभागाध्यक्ष एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कोल इंडिया स्थापना दिवस समारोह में, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि 1 नवंबर 1975 को कोल इंडिया लिमिटेड की स्थापना के पश्चात कंपनी ने निरंतर विकास एवं प्रगति के नए आयाम स्थापित किए हैं। समय के साथ कोयला उत्पादन के क्षेत्र में अभूतपूर्व बदलाव आए हैं तथा आधुनिक तकनीकों के उपयोग से कंपनी तकनीकी रूप से और अधिक सुदृढ़ हुई है। वक्ताओं ने ऊर्जा के गैर-पारंपरिक स्रोतों की दिशा में कोल इंडिया द्वारा किए जा रहे प्रयासों एवं भविष्य की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंत में कोल इंडिया स्थापना दिवस की सभी को हार्दिक शुभकामनाएँ दी गईं। साथ ही कंपनी की निरंतर प्रगति, उज्ज्वल भविष्य एवं सुरक्षित उत्पादन की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।



