
नवागत पुलिस अधीक्षक श्री अमित सक्सेना ने ली जिले के समस्त एसडीओपी एवं थाना प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक
🔹 अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने, लंबित अपराधों के त्वरित निराकरण एवं जनशिकायतों के संतुष्टिपूर्ण समाधान के दिए निर्देश।
🔹 दीपावली पर्व के दृष्टिगत पटाखा दुकानों, आतिशबाजी एवं विस्फोटक सामग्री के अवैध भंडारण पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश।
🔹नवागत पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री अमित सक्सेना द्वारा आज दिनांक 03 नवंबर 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम बैतूल में जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी), थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों की बैठक लेकर जिले की कानून व्यवस्था एवं अपराधों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया गया तथा उनके कार्यक्षेत्र एवं विभागीय दायित्वों के संबंध में जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
🔹बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री कमलेश खरपुसे, एसडीओपी बैतूल सुश्री अन्नपूर्णा सिरसाम सहित जिले के समस्त अनुभागों के एसडीओपी, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी, रक्षित निरीक्षक, विशेष शाखा प्रभारी एवं क्राइम सीन एक्सपर्ट उपस्थित रहे।

🔹 बैठक में पुलिस अधीक्षक द्वारा दिए गए प्रमुख दिशा-निर्देश :
1. अवैध गतिविधियों पर अंकुश: सभी थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में अवैध शराब, नकली शराब, जुआ-सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखें। ऐसी गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
2. दीपावली पर्व पर विशेष सतर्कता: आगामी दीपावली पर्व के दृष्टिगत पटाखा एवं आतिशबाजी की दुकानों की नियमित चेकिंग करें। विस्फोटक सामग्री के अवैध भंडारण एवं बिक्री पर विशेष निगरानी रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई करें।
3. एनडीपीएस प्रकरणों में प्रभावी कार्रवाई: मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सूचना तंत्र मजबूत करें तथा एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों में साक्ष्य आधारित एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करें।
4. सीएम हेल्पलाइन एवं जनशिकायतों का निराकरण: सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण करें। शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनें तथा उनकी संतुष्टि के अनुरूप उचित समाधान सुनिश्चित करें।
5. लंबित अपराधों का त्वरित निराकरण: थानों में लंबित गंभीर एवं पुराने आपराधिक प्रकरणों की नियमित समीक्षा करें। विवेचना में तेजी लाते हुए साक्ष्यों का वैज्ञानिक एवं प्रभावी संकलन कर प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करें।
6. कानून व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण: अपने-अपने क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतत निगरानी रखें। संवेदनशील क्षेत्रों एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर विशेष नजर रखते हुए आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करें।
7. पुलिस अनुशासन एवं जवाबदेही: पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता एवं कर्तव्य के प्रति लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।

🔹 अच्छे कार्यों को मिलेगा पुरस्कार, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक श्री अमित सक्सेना ने सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि कार्य के प्रति समर्पण, सक्रियता एवं बेहतर पुलिसिंग के माध्यम से आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम करें। उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया जाएगा, वहीं कर्तव्यों के निर्वहन में अनावश्यक लापरवाही अथवा अनुशासनहीनता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध उचित वैधानिक एवं विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
🔹पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे आपसी समन्वय, जवाबदेही एवं टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जिले में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था एवं आमजन की शिकायतों के त्वरित निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।







