
कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने सोमवार को समय-सीमा बैठक (Time Limit Meeting) में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं अभियानों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविरों में प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों के विभागवार निराकरण की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित कर निराकरण संबंधी प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की भी विभागवार समीक्षा कर शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सख्त हिदायत दी कि शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने नगरीय निकायवार ट्रेंचिंग ग्राउंड के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने क्वालिटी सेग्रीगेशन तथा आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारियां अभी से प्रारंभ करने के निर्देश दिए। चिचोली के ट्रेंचिंग ग्राउंड से संबंधित समस्या का भी शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

राजस्व प्रकरणों का रियल टाइम निराकरण करें
राजस्व प्रकरणों की (Time Limit Meeting) समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण कर उन्हें रियल टाइम निराकरण की स्थिति में लाने के निर्देश दिए। उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में भी अपेक्षित प्रगति लाने को कहा। संबल योजना से संबंधित शिकायतों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।

नल-जल योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करें
कलेक्टर ने नल-जल योजनाओं के क्रियान्वयन की (Time Limit Meeting) समीक्षा करते हुए सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करें। किसी योजना के बंद होने अथवा अपूर्ण रहने की स्थिति में संबंधित विभागों से आवश्यक समन्वय कर समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने फ्लैग डे पर विभागों को दिए गए लक्ष्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।

3 अक्टूबर को ब्लॉक स्तर और 7 अक्टूबर को नगरीय निकायों में होगा सेवा सेतु अभियान
कलेक्टर डॉ सोनवणे ने सेवा सेतु अभियान की तैयारियों की समीक्षा (Time Limit Meeting) करते हुए बताया कि अभियान के तहत 3 अक्टूबर को ब्लॉक स्तर पर तथा 7 अक्टूबर को नगरीय निकायों में प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि शिविर से पूर्व योजनावार ऐसे हितग्राहियों की सूची तैयार करें, जिन्हें संबंधित योजनाओं का लाभ पहले से प्राप्त हो रहा है। साथ ही शेष पात्र हितग्राहियों को चिन्हित कर शासन द्वारा निर्धारित वार्षिक लक्ष्य के अनुसार शिविर में ही योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि लक्षित योजनाओं में वार्षिक लक्ष्य के विरुद्ध शेष रहे पात्र हितग्राहियों को क्रमबद्ध तरीके से लाभ प्रदान किया जाए। शिविर में आने वाले हितग्राहियों के पंजीयन के लिए पृथक से तीन स्टॉल लगाए जाएं तथा इन स्टॉल पर दक्ष कम्प्यूटर ऑपरेटरों की नियुक्ति की जाए। कैंप प्रभारी यह सुनिश्चित करेंगे कि संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी अपने स्टॉल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। ब्लॉक स्तर पर यदि किसी विभाग का अधिकारी पदस्थ नहीं है, तो कलेक्टर स्तर से अधिकारी की कैंप के लिए नियुक्ति की जाएगी।

कलेक्टर ने सेवा सेतु अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान प्राप्त होने वाली राजस्व संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए।
आंगनवाड़ी एवं स्वास्थ्य केंद्रों में शत-प्रतिशत विद्युत कनेक्शन सुनिश्चित करें
कलेक्टर ने जिले की सभी आंगनवाड़ियों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में शत-प्रतिशत विद्युत कनेक्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने 2 अक्टूबर को आयोजित होने वाले अस्पृश्यता निवारण शिविरों को प्रभावी ढंग से आयोजित करने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
‘सेवा मेरा योगदान’के तहत विविध गतिविधियां आयोजित होंगी
बैठक में ‘सेवा मेरा योगदान’अभियान के तहत प्रस्तावित गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने रक्तदान, स्वच्छता ही सेवा, स्वास्थ्य जांच शिविर, करियर काउंसलिंग, कचरा पृथक्करण एवं कंपोस्टिंग, योग एवं ध्यान, जल संरक्षण एवं जल स्रोतों की सफाई, नशा मुक्त भारत, लोकल फॉर वोकल तथा डिजिटल साक्षरता जैसी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए।

शिक्षा संजीवनी अभियान के कार्य समय-सीमा में पूर्ण करें
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने शिक्षा संजीवनी अभियान के तहत विभिन्न विभागों को सौंपे गए उन्नयन कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को सौंपे गए कार्यों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री गणेश जायसवाल, अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहें।



