
ब्यूरो रिपोर्ट
जिले में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के विरूद्ध कलेक्टर ग्वालियर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देशन में निरंतर कार्रवाई की जा रही है। सोमवार को दो स्थानों पर राजस्व अमले द्वारा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई की गई। तहसील गिरवाई के अंतर्गत ग्राम शालूपुरा एवं ग्राम पंचायत अड़ूपुरा में राजस्व अमले द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर राजस्व अमले ने तहसील गिरवाई के अंतर्गत ग्राम शालूपुरा में शासकीय भूमि सर्वे क्र.-118 रकबा 2 बीघा पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान 10 छत लेवल तक बने मकान एवं करीब 18 नींव भरकर कब्जे में किए हुए प्लॉट को जेसीबी के माध्यम से हटाया गया। कब्जे में की गई जमीन की अनुमानित लागत 2 करोड़ रुपए है। उक्त कार्रवाई तहसीलदार गिरवाई श्री दिनेश चौरसिया, राजस्व निरीक्षक श्री नंदकिशोर गुप्ता और पटवारी श्री रॉकी गुर्जर की उपस्थिति में की गई। राजस्व अमले द्वारा तहसील ग्वालियर ग्रामीण के ग्राम पंचायत अडूपुरा के ग्राम रवार में सर्वे क्र.-842, 865, 870, 873, 884, 885, 887, 888, 889 व 893 कुल भूमि लगभग 30 बीघा पर ग्राम के परशुराम सिंह पुत्र अर्जुन सिंह गुर्जर, संतोष पुत्र हाकिम गुर्जर एवं दलवीर पुत्र मोतीराम द्वारा सरसों की फसल कर कब्जा किया गया था। तहसीलदार श्री दिनेश चौरसिया गिरवाई द्वारा बेदखली आदेश जारी कर सोमवार को राजस्व निरीक्षक श्री नंदकिशोर गुप्ता और पटवारी श्री रामलखन गुर्जर के साथ कार्रवाई कर खड़ी फसल का कब्जा लिया गया एवं शासकीय भूमि से अतिक्रामकों को बेदखल किया गया।