
shiksha sanjivni abhiyan कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के निर्देशानुसार जिले में शिक्षा संजीवनी अभियान के तहत शासकीय स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए बेहतर एवं सुविधाजनक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मूलभूत व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। अभियान के तहत जनसहभागिता से स्कूलों में डेस्क-बेंच, पर्याप्त विद्युत आपूर्ति, पंखे, प्रकाश व्यवस्था, ई लर्निंग टूल्स, क्रियाशील शौचालय सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
इसी क्रम में मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी बैतूल के अधिकारियों द्वारा सहयोग करते हुए दो प्राथमिक शालाओं को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई। अभियान के तहत प्राथमिक शाला रामपुरा मांडवी पंचायत को 31 डेस्क-बेंच सेट और 2 पंखे तथा प्राथमिक शाला गोहन्दा पांडुरना पंचायत को 14 डेस्क-बेंच एवं 3 पंखे उपलब्ध कराए गए।

जिला प्रशासन ने शिक्षा संजीवनी अभियान के तहत जिलेवासियों से जनभागीदारी की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि विद्यालयों में डेस्क-बेंच, बिजली, पंखे, प्रकाश व्यवस्था एवं क्रियाशील शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने में सभी सहयोग करें। शिक्षक, पालक, जनप्रतिनिधि अधिकारी एवं नागरिक अपने स्तर पर विद्यालयों की आवश्यकताओं को पूरा करने में सहभागिता निभाएं।

सामूहिक प्रयासों से विद्यार्थियों के लिए बेहतर एवं सुविधाजनक शैक्षणिक वातावरण तैयार किया जा सकता है। सभी अभियान में सक्रिय भागीदारी कर ‘शिक्षा संजीवनी’को जनअभियान बनाने का आह्वान किया है।






