
ब्यूरो रिपोर्ट
जबलपुर के ग्राम सगड़ा झपनी के पास बरगी बांध की दाईं तट नहर टूटने की घटना से आसपास के क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई । जानकारिनुसार नहर टूटने से नरई नाला से लगे कई खेतों में पानी भर गया है जिससे खड़ी फसलों को नुकसान हुआ है।
वहीँ घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आया और तत्काल कार्रवाई करते हुए बरगी बांध की दाईं तट नहर से पानी की निकासी पूरी तरह बंद करा दी। जिससे हालत पर काबू पा लिया गया। साथ ही टूटे हुए स्थान के आगे नहर के सभी गेट खोल दिए गए , ताकि खेतों में भरे पानी की निकासी भी तेजी से हो सके। मौके पर एसडीएम जबलपुर अभिषेक सिंह तथा बरगी बांध दाईं तट नहर के कार्यपालन यंत्री मौजूद रहे और हालात का जायजा लिया।
एसडीएम अभिषेक सिंह ने बताया कि कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर नहर टूटने के कारण खेतों में पानी भरने से फसलों को हुए नुकसान का सर्वे प्रारंभ कर दिया गया है। सर्वे के बाद प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत राशि वितरित की जाएगी।