
ब्यूरो रिपोर्ट
अहमदाबाद में 14 से 18 फरवरी तक आयोजित वर्ल्ड स्किल प्रतियोगिता के वेस्टर्न रीजनल मुकाबले में बैतूल जिले के दो युवाओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले सहित प्रदेश का नाम रोशन किया है। शासकीय एकलव्य महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था प्राचार्य श्री अजीश पंद्रे ने बताया कि कु. पूर्वी चौहान, जो वर्तमान में इंदौर में एनीमेशन पाठ्यक्रम की पढ़ाई कर रही हैं, ने गोल्ड मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं शासकीय एकलव्य महिला आईटीआई बैतूल के फ्लोरीकल्चर एंड लैंडस्केपिंग ट्रेड के छात्र आयुष इवने ने सिल्वर मेडल हासिल किया। गोल्ड मेडल विजेता को 75 हजार रुपए और सिल्वर मेडल विजेता को 50 हजार रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। वेस्टर्न रीजन में गुजरात, गोवा, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान एवं दमन दीव के प्रतिभागी शामिल हुए।
संस्था प्राचार्य श्री पंद्रे ने बताया कि वर्ल्ड स्किल प्रतियोगिता विश्व स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित कौशल स्पर्धा है। इसे वर्ल्ड स्किल इंटरनेशनल द्वारा आयोजित किया जाता है। इसे “स्किल का ओलंपिक” भी कहा जाता है, इसका उद्देश्य युवाओं में व्यावसायिक कौशल को बढ़ावा देना है। जिला स्किल समन्वयक श्री सोनू लिल्होरे ने बताया कि फ्लोरिस्ट्री स्किल में प्रतिभागियों को निर्धारित समय सीमा में थीम आधारित पुष्प सज्जा, वेडिंग बुके निर्माण, सजावटी इंस्टॉलेशन, रचनात्मक डिजाइन तथा तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन करना होता है। विशेष गौरव की बात यह है कि दोनों प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए नई दिल्ली जाने का अवसर प्राप्त हुआ है राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिल सकता है। नोडल प्राचार्य श्री शुभम वानखेड़े ने बताया कि यह सफलता बैतूल जिले के युवाओं के लिए एक संदेश है कि समर्पण परिश्रम और उचित मार्गदर्शन से वैश्विक मंच तक पहुंचना संभव है यह उपलब्धि जिले और प्रदेश के लिए प्रेरणादायक है तथा कौशल आधारित शिक्षा की महत्व को दर्शाती है।
प्रतिभागियों को संस्था प्राचार्य श्री अजीश पंद्रे, नोडल प्राचार्य श्री शुभम वानखेड़े, जिला स्किल समन्वयक श्री सोनू लिल्होरे, वरिष्ठ प्रशिक्षक अधिकारी श्री दिलीप कुमार सोनी, श्री रेवाशंकर पंडाग्रे, श्रीमती पुष्पा नागले, श्रीमती विनीता पाटिल, फ्लोरीकल्चर ट्रेड के प्रशिक्षक श्री दिलीप बेल एवं सोनू मराठा सहित समस्त स्टाफ ने बधाई दी है।





