
पन्ना ब्यूरो प्रिय प्रकाश तिवारी की रिपोर्ट
शाहनगर।
पन्ना–कटनी मार्ग पर रविवार को सुबह लगभग 10 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बक्साइट से भरे एक ट्रक की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि एक व्यक्ति ट्रक के टायर के नीचे फंस गया और काफी देर तक तड़पता रहा। इस दौरान कई राहगीर वहां से गुजरते रहे, लेकिन किसी ने तुरंत मदद नहीं की।
इसी दौरान वन विभाग के कर्मचारी आशीष कुमार पाण्डेय अपने एक सहकर्मी के साथ वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने तुरंत बाइक रोककर पुलिस को घटना की सूचना दी और एम्बुलेंस के लिए भी फोन किया।
सूचना मिलते ही पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद ट्रक के टायर के नीचे फंसे व्यक्ति को बाहर निकाला और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें कटनी जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है, जबकि अन्य घायल हैं। घायलों की पहचान हो गई है और वे बरही क्षेत्र के रहने वाले हैं तथा आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना का मुख्य कारण सड़क पर मौजूद गहरे गड्ढे बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।