
ब्यूरो रिपोर्ट
जबलपुर मुख्यालय में मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक श्री मनजीत सिंह से मध्यप्रदेश विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन के महामंत्री श्री राकेश डीपी पाठक एवं पदाधिकारियों ने सौजन्य भेंट कर विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इस अवसर पर जनरेटिंग कंपनी के डायरेक्टर कमर्शियल श्री मिलिन्द भान्दक्कर भी उपस्थित रहे।
फेडरेशन के महामंत्री श्री राकेश डीपी पाठक ने कर्मचारियों एवं पेंशनर्स के हित में किए जा रहे इन प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि प्रबंध संचालक श्री मनजीत सिंह के कुशल नेतृत्व में कंपनी न केवल विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है, बल्कि कर्मचारियों के कल्याण के लिए भी महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। उन्होंने कैशलैस बीमा योजना में और अधिक अच्छे अस्पतालों को शामिल करने, पंजीकरण का पुनः अवसर प्रदान करने तथा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का सुझाव भी दिया, ताकि प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले कर्मचारी एवं पेंशनर्स भी इसका अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकें।
इस अवसर पर प्रबंध संचालक श्री मनजीत सिंह ने कहा कि ऊर्जा विभाग एवं मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी सभी श्रेणियों के कर्मचारियों एवं पेंशनर्स के हित संवर्धन, सुरक्षा और बेहतरी के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों एवं पेंशनर्स को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कंपनी द्वारा कैशलैस बीमा योजना प्रारंभ की गई है, जिसके अंतर्गत निरंतर बेहतर और अधिक अस्पतालों को जोड़ा जा रहा है ताकि योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
उन्होंने यह भी बताया कि कंपनी द्वारा कर्मचारियों के हित में लंबे समय के बाद नया फ्रिंज बेनिफिट स्वीकृत कराया गया है तथा इंसेंटिव सहित कई महत्वपूर्ण पहलें लागू की गई हैं। मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी अपने कर्मचारियों एवं पेंशनर्स के हितों की रक्षा और उनके कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा भविष्य में भी इसी प्रकार की जनकल्याणकारी पहलें जारी रखेगी।
फेडरेशन प्रतिनिधिमंडल में श्री यू के पाठक, श्री विमल महापात्र, श्री अनूप वर्मा, श्री दिनेश दुबे, श्री उमाशंकर दुबे, श्री मोहित पटेल, श्री बी एम तिवारी, श्री योगेश पटेल, श्री एस के यादव एवं श्री अक्षय श्रीवास्तव शामिल रहे।






