
मध्यप्रदेश मौसम अपडेट 09 अप्रैल 2026
मध्य प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी है, जहां पारा 5 डिग्री तक गिर गया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के पूर्वी हिस्से के 7 जिलों में आंधी तूफान के साथ बारिश की संभावना जताई है।
भिंड-श्योपुर में गिरे ओले, आज सात जिलों में बारिश के आसार
भोपाल सहित कई जिलों में बौछारें पड़ीं, ठंडा हुआ दिन
कल से 12 अप्रैल तक थमी रहेंगी बरसाती गतिविधियां
भोपाल। प्रदेश के आसपास लगातार बन रहे प्रेरित चक्रवातों के कारण प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी है। बुधवार को राजधानी भोपाल सहित करीब 15 जिलों में कुछ जगह बौछारें पड़ीं। भिंड और श्योपुर जिले में ओलावृष्टि भी हुई है। इससे प्रदेश के अधिकतम तापमान में पांच डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। वहीं रात के न्यूनतम तापमान में भी उतार-चढ़ाव बना हुआ है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के पूर्वी हिस्से के सात जिलों में आंधी तूफान के साथ वर्षा की संभावना जताई है। जबकि 32 जिलों में तेज हवाएं चलने का अनुमान है। 10 अप्रैल से बारिश वाले सिस्टम पर तीन दिन का ब्रेक लग सकता है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक 10, 11 और 12 अप्रैल को प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा। 11 अप्रैल को नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है, इससे गरज-चमक के साथ वर्षा हो सकती है।
बुधवार दोपहर को जबलपुर, भेड़ाघाट, नरसिंहपुर में मध्यम गरज के साथ बिजली चमकी। वहीं बालाघाट, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, भिंड, श्योपुर, दतिया, रायसेन, सागर, दमोह, उत्तरी छिंदवाड़ा और नर्मदापुरम जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा भी हुई। ओरछा में यह 52 मिमी और शिवपुरी में 29.2 मिमी रिकॉर्ड की गई।
दतिया, भिंड, पन्ना, छतरपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़, सतना, भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, मुरैना, श्योपुरकला, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, अनुपपुर, शहडोल, उमारिया, डिंडौरी, कटनी, जबलपुर, सिवनी, मंडला, बालाघाट, दमोह, सागर और मैहर।
पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे जम्मू-कश्मीर के ऊपर हवा का घेरा बना हुआ है। उत्तर-पूर्वी राजस्थान एवं आसपास के क्षेत्र पर बना हवा का घेरा अब उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश एवं आसपास के क्षेत्रों में बना हुआ है। एक ऊपरी हवा का चक्रवात दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और दक्षिण पाकिस्तान के ऊपर बना हुआ है। एक ऊपरी हवा का घेरा छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्र के ऊपर बना हुआ है। उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम उत्तर भारत के ऊपर चल रही है।





