
ब्यूरो रिपोर्ट
रूट चार्ट का पालन नहीं करने वाले टीपर चालकों पर होगी कार्यवाही, पीपीई किट में तैनात रहेंगे चालक हेल्पर, सुपरवाइजरों को भी सख्त हिदायत
स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर सुपरवाइजर कचरा वाहन चालकों की बैठक, सौंपे गए कार्यों को समयसीमा में करना होगा पूरा।
सारनी। आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर फील्ड में बेहतर कार्य हो इसे लेकर नगर पालिका में गुरुवार को एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में टीपर चालकों, सुपरवाइजरों, हेल्परों और सफाई मित्रों को सख्त हितदायत दी गई।
बैठक शाम 4 बजे से सभाकक्ष में हुई। स्वच्छ भारत मिशन के नोडल अधिकारी केके भावसार, वाहन प्रभारी सुखदेव बोरहपी, सहायक राजेश वागद्रे ने उक्त बैठक ली। बैठक के दौरान सभी वाहन चालकों को रूट चार्ट अनुसार ही वार्डों में भ्रमण के निर्देश दिए गए। इसके अलावा वाहनों को मेंटेन रखने, साफ रखने, गीला व सूखा कचरा अलग-अलग लेने के निर्देश दिए गए। नोडल अधिकारी ने कहा कि रूट चार्ट और दिए गए निर्देशों का पालन नहीं करने वाले वाहन चालकों, सुपरवाइजरों पर दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। कचरा वाहनों के चालकों व हेल्परों को पीपीई किट में तैनात रहना होगा। इसके अलावा सारनी, पाथाखेडा व शोभापुर क्षेत्र के सुपरवाइजरों को वार्डों में अतिरिक्त प्रयास कर नगर पालिका सारनी को स्वच्छ सर्वेक्षण में नंबर वन लाने के निर्देश दिए। बैठक में सभी सुपरवाइजर, अधिकारी, कर्मचारी मौजूद थे।