
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर सेवा मेरा योगदान के तहत गुरुवार को संयुक्त कलेक्ट्रेट परिसर में स्वच्छता ही सेवा अभियान आयोजित किया गया। अभियान में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने स्वयं फावड़ा उठाकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ श्रमदान किया और परिसर में सघन साफ-सफाई की।
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने संयुक्त कलेक्ट्रेट परिसर के विभिन्न स्थानों पर अधिकारियों के साथ साफ-सफाई करते हुए स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने परिसर में झाड़ियां, कचरा एवं अन्य अवांछित सामग्री हटाने के कार्य में सहभागिता की और स्वच्छता कार्यों का जायजा भी लिया।
इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी अभियान तक सीमित न रहे, बल्कि इसे दैनिक जीवन की आदत और सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाया जाना चाहिए। स्वच्छ एवं सुंदर कार्यस्थल के लिए प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने में योगदान देना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने-अपने कार्यालय परिसरों में नियमित स्वच्छता बनाए रखने तथा आमजन को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करने की अपील की।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



