बैतूल:बरकतउल्ला विश्वविद्यालय द्वारा संचालित जे.एच. शासकीय महाविद्यालय, बैतूल के बी.ए. द्वितीय वर्ष के नवीन परीक्षा परिणाम में गंभीर त्रुटियां सामने आई हैं। परीक्षा परिणाम में कई विद्यार्थियों की जन्मतिथि (Date of Birth) गलत दर्ज होने के साथ-साथ मेजर विषयों और फाउंडेशन कोर्स (FC) में अधिकांश विद्यार्थियों को शून्य (0) अंक मिलने से छात्रों में भारी आक्रोश है।
इस गंभीर समस्या को लेकर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के जिला उपाध्यक्ष निलेश धुर्वे के नेतृत्व में प्रभावित विद्यार्थियों ने महाविद्यालय के प्राचार्य को एक सामूहिक ज्ञापन सौंपा है।
छात्रों के भविष्य पर मंडराया संकट
एनएसयूआई नेताओं और विद्यार्थियों ने बताया कि परीक्षा परिणामों में हुई इस प्रकार की तकनीकी और वैधानिक त्रुटियों के कारण विद्यार्थियों को भविष्य में शैक्षणिक एवं अन्य आवश्यक कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। परिणामों में शून्य अंक मिलने और गलत जन्मतिथि दर्ज होने से विद्यार्थियों का शैक्षणिक भविष्य संकट में नजर आ रहा है।
एनएसयूआई की मुख्य मांगें
* प्रभावित विद्यार्थियों के परीक्षा परिणामों में दर्ज गलत जन्मतिथि की तत्काल उच्च स्तरीय जांच कराई जाए।
* विश्वविद्यालय को तुरंत सुधार हेतु प्रस्ताव भेजकर सही जन्मतिथि और अंकों का संशोधन सुनिश्चित किया जाए।
* विद्यार्थियों को परीक्षा परिणामों में मिली शून्य अंकों की समस्या का त्वरित निराकरण किया जाए।
इस दौरान ज्ञापन सौंपने वालों में एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष निलेश धुर्वे सहित रामपाल, विशाल, हेमा रनवार, अर्जुन एवं अन्य समस्त प्रभावित छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।