
ब्यूरो रिपोर्ट
- सर्वस्पर्शी एवं समावेशी वजट-नरेंद्र शिवाजी पटेल
- प्रभारी मंत्री ने बताई केंद्रीय वजट की उपलब्धियां
बैतूल। केंद्रीय बजट 2026 को लेकर जिला भाजपा कार्यालय विजय भवन में बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए बैतूल जिले के प्रभारी मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश की वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण जी द्वारा प्रस्तुत किया गया बजट सर्वस्पर्शी,सर्वव्यापी एवं सर्व समावेशी बजट है जिसमे किसान,गरीब,महिला एवं युवा वर्ग पर विशेष फोकस किया गया है। बजट में युवाओं के लिए 15 हजार स्कूलों एवं 500 कालेजों में कंटेंट क्रियेटर लैब खोले जाएंगे जिसमे जिसमे एनिमेशन,विजुअल इफेक्ट,गेमिंग एवं कॉमिक्स सेक्टर के लिए 20 लाख युवाओं को तैयार किया जाएगा। महिलाओं के लिए देश के हर जिले में एक गर्ल्स हॉस्टल बनाया जाएगा। जिसमें दूर दराज के छात्राओं को रिसर्च , कौशल विकास एवं उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भागीदारी करने का अवसर मिलेगा। बिजनेस उमन को प्रमोट करने के लिए शी मार्ट की स्थापना की जाएगी। पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए श्री पटेल ने कहा कि हमारी सरकार की पहचान रही है रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म। आज हम गर्व से कह सकते हैं कि भारत अब केवल सुधारों की चर्चा नहीं करता, बल्कि रिफॉर्म एक्सप्रेस पर सवार होकर तेज गति से आगे बढ़ रहा है। इस रिफॉर्म एक्सप्रेस का सबसे मजबूत इंजन नारी शक्ति हैं। बजट में महिला सशक्तिकरण के लिए जो रोडमैप प्रस्तुत किया गया है, वह सामाजिक न्याय से आगे बढ़कर आर्थिक भागीदारी, तकनीकी नेतृत्व और वैश्विक प्रतिस्पर्धा तक महिलाओं की भूमिका को विस्तार देता है। श्री पटेल ने कहा कि युवाओं के लिए अवसर सृजन हमारी सरकार की प्राथमिकता है, और इसमें युवा महिलाओं की भूमिका केंद्रीय है। स्किल इंडिया, डिजिटल स्किल्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और ग्रीन टेक्नोलॉजी में युवाओं को प्रशिक्षित कर भारत भविष्य की नौकरियों के लिए तैयार कर रहा है।हमारा मानना है कि इसे केवल बजट कहना न्यायसंगत नहीं होगा, यह बजट नहीं बल्कि विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को साकार करने वाला विजन पत्र है। श्री पटेल ने कहा कि कैंसर की 17 जीवन रक्षक दवाओं पर सीमा शुल्क शून्य या बहुत कम कर दिया गया है। मिडल क्लास परिवारों को गुणवत्तापूर्ण इलाज देने के लिए जिला स्तर पर आयुष केंद्रों के लिए 10,000 करोड़ का फंड आवंटित किया गया है। शिक्षा से रोजगार एवं उद्यम स्थायी समिति का गठन और 15,000 माध्यमिक विद्यालयों व 500 महाविद्यालयों में कंटेंट क्रिएटर लैब की स्थापना रचनात्मकता को बढ़ावा देगी। श्री पटेल ने पत्रकारो को जवाब देते हुए कहा कि एमएसएमई ग्रोथ फंड के लिए 10,000 करोड़ रुपये का आवंटन युवा उद्यमियों को संबल प्रदान करेगा। प्रत्येक जिले में एक महिला छात्रावास की स्थापना का प्रस्ताव है, इसके लिए लगभग 10,000 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इससे छात्राओं को सुरक्षित आवास मिल सकेगा।महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने हेतु 1.5 लाख देखभाल सेवा प्रदाताओं जिसमें लखपति दीदी योजना पर आधारित सामुदायिक स्व-सहायता समूह उद्यम स्थापित करने का प्रावधान है। इससे महिलाओं को क्रेडिट लिंक्ड आजीविका से उद्यम स्वामित्व की ओर जाने में मदद मिलेगी। श्री पटेल ने बताया कि वर्ष 2030 तक भारतीय काजू और कोको को प्रीमियम वैश्विक ब्रांड बनाने का लक्ष्य है। इसके अतिरिक्त, सहकारी संस्थाओं को पशुचारे और बिनौले की आपूर्ति पर कर कटौती का लाभ देकर कृषि क्षेत्र को मजबूती दी गई है। पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष सुधाकर पंवार, बजट प्रचार अभियान के जिला संयोजक कमलेश सिंह , जिला महामंत्री कृष्णा गायकी, जिला मीडिया प्रभारी सूर्यदीप त्रिवेदी विशेष रूप से उपस्थित थे। फोटो – 1





