
ब्यूरो रिपोर्ट
मध्य प्रदेश के इंदौर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ तपेश्वरी बाग क्षेत्र में रहने वाली 26 वर्षीय बैंक कर्मचारी पलक केशव की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पलक मूल रूप से हरदा जिले के टिमरनी की रहने वाली थी और इंदौर के एक बैंक में नौकरी करती थी। पुलिस ने मामले की गहन तफ्तीश करते हुए पलक के प्रेमी मयंक शाक्य को दतिया से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने शादी से इनकार करने पर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया और मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।
5 साल पुराना रिश्ता और शादी का विवाद:
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि दतिया निवासी मयंक शाक्य और पलक पिछले पांच साल से रिलेशनशिप में थे। मयंक पलक पर शादी करने का लगातार दबाव बना रहा था, लेकिन पलक ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच फोन पर काफी कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर आरोपी मयंक दतिया से सीधे इंदौर पहुंचा और पलक के कमरे पर गया। वहां दोनों के बीच एक बार फिर तीखी बहस हुई, जिसके बाद तैश में आकर मयंक ने पलक का गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया।
हत्या को आत्महत्या दिखाने की रची साजिश:
पकड़े जाने के डर से आरोपी मयंक ने शातिराना तरीका अपनाया। उसने पलक की हत्या को आत्महत्या साबित करने के लिए उसके शव पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी और मौके से फरार हो गया।
पकड़े जाने के डर से आरोपी मयंक ने शातिराना तरीका अपनाया। उसने पलक की हत्या को आत्महत्या साबित करने के लिए उसके शव पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी और मौके से फरार हो गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला राज:
घटना के दो दिन बाद जब खजराना पुलिस को तपेश्वरी बाग स्थित कमरे से पलक का संदिग्ध अवस्था में जला हुआ शव मिला, तो पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। शार्ट पीएम रिपोर्ट आते ही पुलिस के होश उड़ गए। रिपोर्ट में साफ खुलासा हुआ कि पलक की मौत आग में जलने से नहीं, बल्कि पहले ही गला घोंटने (दम घुटने) के कारण हो चुकी थी।
कड़ी से कड़ी जोड़कर आरोपी तक पहुंची पुलिस:
हत्या की पुष्टि होते ही खजराना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच तेज कर दी। मृतका के कॉल डिटेल्स (CDR) और घटना के समय की कड़ियों को आपस में जोड़ते हुए पुलिस का शक मयंक पर गहराया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मयंक को हिरासत में लिया। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो उसने शादी से इनकार किए जाने से नाराज होकर पलक की हत्या करने और शव को जलाने का जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।





